कृषि स्नातकों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
अमेठी। प्रदेश सरकार की प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के तहत अमेठी जनपद में 13 एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य कृषि स्नातकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराना तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश और कृषि प्रसार सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद में 13 केंद्रों के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की स्क्रीनिंग जनपद स्तरीय समिति द्वारा 6 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार में की जाएगी।
उन्होंने सभी आवेदकों से निर्धारित तिथि पर अपने सभी मूल अभिलेखों के साथ विकास भवन सभागार में उपस्थित होने का अनुरोध किया है, ताकि आवेदन पत्रों का सत्यापन और चयन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस योजना के माध्यम से कृषि स्नातकों को स्वयं का कृषि उद्यम स्थापित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक, कीटनाशक और अन्य कृषि सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकेंगी।








