54 मकानों पर चला बुलडोजर, 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कराई। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।
प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र में 13 स्थानों पर टिन की बैरिकेडिंग लगाई गई। चौड़ीकरण अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, चौड़ीकरण की जद में आने वाली करीमुल्ला बेग, संगमरमर, अली रजा खान, रंगीले शाह और निशारान मस्जिदों से संबंधित मुतवल्लियों ने स्वयं आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं अभियान के दायरे में आने वाले 54 पुराने मकानों पर जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा कारणों से मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई। मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, एडीएम राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगे भी जारी रहेगा।








