अधिवक्ता लामबंद, दो दिन के लिए न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पास
पुरवा। स्थानीय बार भवन में बृहस्पतिवार को लायर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें राजस्व निरीक्षकों द्वारा हदबरारी के मुकदमे में मनमानी रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। सर्व सहमति से दो दिन के लिए न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
एसोसिएशन अध्यक्ष की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष विनोद सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने हदबरारी के मुकदमों में राजस्व निरीक्षकों द्वारा मनमानी तरीके से अपनी रिपोर्ट लगा देने की बात कही। बताया कि शुल्क जमा करने के बाद भी कई-कई दिनों तक हद बरारी नहीं की जा रही है। अधिकांश मामलों में वादकारियों को सुने बिना ही उनके मामले निरस्त कर दिए जा रहे है। एक माह पूर्व सभी अधिवक्ताओं ने इसी मुद्दे पर एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव से मुलाकात कर विरोध जताया था। इस पर उन्होंने एक माह में समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया था। लेकिन समस्या जस की तस बरकरार है।
बैठक में इसके विरोध में दो व तीन जुलाई को सभी राजस्व न्यायालयों में न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया है। लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री अजय मिश्रा ने बताया कि दो दिन सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। समस्या का समाधान न होने पर चार जुलाई को बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में शैलेंद्र तिवारी, अंकित मिश्रा, संजय सिंह, अरुण मिश्रा, महेंद्र श्रीवास्तव, जितेंद्र, संतोष यादव, धर्मेंद्र आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।








