अहम फैसला संभव
PIL में CBI जांच और CAG ऑडिट की मांग, 6 जुलाई को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ करेगी सुनवाई।
लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में जांच को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपे जाने की मांग पर अब न्यायिक सुनवाई का दौर शुरू होने जा रहा है। इस मामले में दाखिल जनहित याचिका (PIL) पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ 6 जुलाई (सोमवार) को सुनवाई करेगी।
यह जनहित याचिका स्थानीय अधिवक्ता मोहित अशोक ने दाखिल की है। याचिका में कथित चढ़ावा गबन मामले की निष्पक्ष जांच CBI से कराने, संबंधित प्रकरण में मुकदमा दर्ज करने तथा मंदिर के दानपात्रों में प्राप्त नकद राशि, सोना-चांदी और अन्य मूल्यवान वस्तुओं का भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से ऑडिट कराने की मांग की गई है।
मामला न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ के समक्ष सूचीबद्ध है। यह याचिका 12 जून को दाखिल की गई थी, लेकिन ग्रीष्मकालीन अवकाश और समयाभाव के कारण इस पर पहले सुनवाई नहीं हो सकी थी।
याचिकाकर्ता का कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की खबरों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसलिए पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है। साथ ही राज्य सरकार को निर्देश देने की भी मांग की गई है कि जांच किसी पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर के अधिकारी की निगरानी में कराई जाए।
याचिका में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार के सतर्कता विभाग के प्रमुख सचिव, CBI निदेशक, CAG तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को पक्षकार बनाया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले से विशेष जांच दल (SIT) जांच कर रही है। अब सोमवार को हाईकोर्ट की सुनवाई में यह स्पष्ट हो सकता है कि जांच SIT के पास ही रहेगी या CBI जांच की मांग पर कोई आदेश जारी किया जाएगा।








