सुल्तानपुर। जिले के लम्भुआ तहसील अंतर्गत शिवगढ़ थाना क्षेत्र के शंभूगंज बाजार में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाजार के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों मृतक सड़क किनारे सब्जी बेच रहे थे। अचानक हाईटेंशन तार गिरने से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा विद्युत आपूर्ति बंद कराकर राहत एवं जांच कार्य शुरू कराया गया।
फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







