औरास। औरास में एक बेटे ने अपने भाजपा नेता पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर बेटे और बहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर चार जुलाई को जेल भेज दिया गया है।
प्रमोद रावत उर्फ रेवती (58) भाजपा के सफीपुर विधानसभा क्षेत्र के हैदराबाद मंडल के अनुसूचित जाति के मंडल अध्यक्ष थे। तीन जुलाई की रात 8 बजे उनके बड़े बेटे सोनेलाल ने बाग में स्थित शनि मंदिर में कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर उनकी हत्या कर दी थी। प्रमोद की पत्नी देश ने बहू कृष्णा की रजामंदी से बेटे सोनेलाल पर पति की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने बहू और बेटे पर प्राथमिकी दर्ज की। 4 जुलाई को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दोपहर में शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में शनि मंदिर वाले बाग में ही शव का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि देश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी सोनेलाल ने बताया कि पिता की वजह से उसका पत्नी से संबंध विच्छेद हो गया था। पिता उसे मंदिर में पूजा नहीं करने देते थे। वे घर और जमीन का बंटवारा भी नहीं कर रहे थे। इसलिए शराब के नशे में उसने पिता की हत्या कर दी।
पिता की हत्या के बाद सोनेलाल कुल्हाड़ी लेकर मां की हत्या करने घर पहुंचा। मां के न मिलने पर उसने घर में खड़ी बोलेरो पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय गांव का शुभम बाग में नल से पानी पी रहा था। उसने प्रमोद को बचाने का प्रयास किया। सोनेलाल कुल्हाड़ी लेकर उसकी तरफ दौड़ा तो शुभम ने भागकर गांव वालों को सूचना दी। दरोगा उपेंद्र पटेल और कांस्टेबल अमित यादव ने सोनेलाल को इनायतपुर बर्रा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास से तीन जुलाई की रात गिरफ्तार किया था।








