परिजनों में मचा कोहराम
अम्बेडकरनगर (जलालपुर)। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गोलपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, थाना बसखारी क्षेत्र के किछौछा दरगाह निवासी मोहम्मद असलम (14), पुत्र मोहम्मद अली, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपने साथियों के साथ गोलपुर गांव के समीप शारदा सहायक नहर में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बताया जाता है कि उसके साथ नहा रहे अन्य साथी घबराकर मौके से भाग गए और किसी को इसकी सूचना नहीं दी।
कुछ देर बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में नरसरी बाजार के दो मछुआरों ने घंटों की मशक्कत के बाद किशोर को नहर से बाहर निकाला।
किशोर को अस्पताल ले जाने के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक हो गई। परिजनों का कहना था कि असलम की सांसें चल रही हैं, इसलिए वे उसे पुलिस वाहन से उतारकर बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक मोहम्मद असलम अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोर की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।








