संतकबीरनगर। जिले में चलाए जा रहे “क्रैक साइबर क्राइम अभियान” के तहत महुली पुलिस और साइबर हेल्प टीम ने साइबर ठगी के शिकार एक युवक को राहत दिलाते हुए उसके खाते में 5 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि वापस मिल गई।
पुलिस के अनुसार, महुली थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार ने 24 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल का दुरुपयोग कर यूपीआई आईडी बनाकर उनके बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर कर लिए।
शिकायत मिलने पर महुली पुलिस और साइबर टीम ने बैंकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। लगातार प्रयास के बाद 7 जुलाई 2026 को पीड़ित के खाते में 5 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। रुपये वापस मिलने पर पवन कुमार और उनके परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय, साइबर प्रभारी अनुज कुमार यादव, कांस्टेबल अंकित पटेल, सोनू यादव, मनोज यादव तथा महिला कांस्टेबल कमलेश कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, फोन कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड, यूपीआई पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाई जा सके।








