दिलीप सिंह
अलीगंज एटा। बरसात में सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की ग्रामीणों ने उठाई मांगअलीगंज। थाना क्षेत्र के नगला किस गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक पशुपालक पर भारी पड़ गई। खेतों से घर लौट रही एक भैंस विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आ गई। तेज करंट लगने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने विद्युत पोल में करंट उतरने की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार नगला किस निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय राजपाल सिंह मंगलवार को अपनी भैंस को खेतों से लेकर घर वापस लौट रहे थे। गांव के रास्ते में लगे एक विद्युत पोल के पास पहुंचते ही भैंस अचानक पोल के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते उसे जोरदार करंट लगा और वह तड़पकर जमीन पर गिर पड़ी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पशुपालक का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में विद्युत पोलों और लाइनों में करंट उतरने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन विभाग समय रहते न तो जांच करता है और न ही खराब व्यवस्थाओं को दुरुस्त करता है। यही लापरवाही अब जानलेवा साबित होने लगी है। लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां से रोजाना बच्चे, महिलाएं और किसान गुजरते हैं। यदि उस समय कोई व्यक्ति पोल की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पूरे गांव के पोलों और लाइनों की तत्काल जांच कराने, अर्थिंग व्यवस्था सही करने तथा बरसात के दौरान विशेष निगरानी रखने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की अनदेखी के कारण लोगों और मवेशियों की जान जोखिम में है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता दिलाने तथा मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।








