तीन वर्ष पुराने मुकदमे में पुलिस ने मैनपुरी तिराहे से दबोचा
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। थाना अलीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी से जुड़े एक पुराने मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी वर्ष 2023 में दर्ज धोखाधड़ी एवं जालसाजी के मामले में लंबे समय से वांछित थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में जिलेभर में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में थाना अलीगंज पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 281/2023, धारा 420, 467, 468 एवं 471 भारतीय दंड संहिता से संबंधित मामले में वांछित थाना अलीगंज के हरसिंहपुर निवासी बलवीर पुत्र सियाराम सिंह तथा एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे मैनपुरी तिराहा कस्बा एवं थाना अलीगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाने लाकर आवश्यक पूछताछ की गई तथा न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया गया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल छत्रपाल सिंह, आरक्षी हरिओम कुमार तथा महिला आरक्षी प्रीति शामिल रहीं।








