सुल्तानपुर के सिटी मजिस्ट्रेट करम सिंह निलंबित
सुल्तानपुर/सम्भल। सम्भल जिले में सरकारी जमीन के कथित नियम विरुद्ध आवंटन के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सुल्तानपुर में तैनात सिटी मजिस्ट्रेट करम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शासन ने उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, करम सिंह पर आरोप है कि उन्होंने सम्भल जिले की गुन्नौर तहसील में तहसीलदार के पद पर तैनाती के दौरान सरकारी भूमि के आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं कीं। इस मामले में उनके सहित 19 अन्य लोगों के खिलाफ सम्भल जिले में पहले से एफआईआर दर्ज है।
शासन ने प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन के बाद करम सिंह को प्रयागराज स्थित मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
सरकार की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकारी भूमि से जुड़े विवादित मामलों में शासन आगे भी सख्त रुख अपनाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रख सकता है।








