शिक्षकों को हेल्थ कार्ड और बच्चों को मिलीं नि:शुल्क किताबें
एटा। तहसील अलीगंज में बुधवार को शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 26 शिक्षकों को डिजिटल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए, जबकि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन के प्रसारण से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और शिक्षकों को डिजिटल हेल्थ कार्ड तथा विद्यार्थियों को नई पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं।
26 शिक्षकों को मिले डिजिटल हेल्थ कार्ड
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत विकासखंड अलीगंज और जैथरा के बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद के कुल 26 शिक्षकों को डिजिटल कैशलेस हेल्थ कार्ड दिए गए। इनमें 14 शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग और 12 शिक्षक माध्यमिक शिक्षा परिषद के शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत शिक्षक और उनके आश्रित परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में शिक्षकों को ई-केवाईसी, डिजिटल हेल्थ कार्ड के उपयोग और सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
बच्चों को मिलीं नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें
स्कूल चलो अभियान के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और पीएमश्री विद्यालय अलीगंज के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। शिक्षा विभाग ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी परिषदीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।
शिक्षा और शिक्षक दोनों सरकार की प्राथमिकता
विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी, जबकि समय पर नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण प्रत्येक बच्चे को समान शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र शिक्षक तक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ और प्रत्येक विद्यार्थी तक समय पर पाठ्यपुस्तकें पहुंचाना है। उन्होंने शिक्षकों से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर हेल्थ कार्ड बनवाने तथा अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








