गोरखनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश देंगे।
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुशीनगर जिले के रामकोला क्षेत्र स्थित टेकुआटार पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे और जनसभा को संबोधित कर सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गोरखपुर और कुशीनगर में जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि कार्यक्रम स्थलों पर प्रशासनिक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए हैं।








