उन्नाव। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (एनई-6) का लोकार्पण करने के लिए 13 जुलाई को रक्षामंत्री, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। तीनों वीआईपी, सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से उन्नाव में अचलगंज में झाऊखेड़ा (किमी 51) पर बन रहे रेस्ट एरिया में उतरेंगे। इसके लिए तीन हेलीपैड और टेंट का काम चलता रहा। हालांकि बारिश काम में बार-बार व्यवधान डालती रही। एडीएम ने बताया कि तीनों वीआईपी व अन्य जनप्रतिनिधि यहां से सड़क मार्ग से लखनऊ जाएंगे और बंथरा में फीता काटकर एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग विभाग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 जुलाई को लोकार्पण करेंगे। इसके लिए किलोमीटर संख्या 51 के पास तीन हेलीपैड और टेंट का काम चलता रहा। एडीएम सुशील कुमार गोंड ने बताया कि रक्षामंत्री, सड़क परिवहन विभाग मंत्री और मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से उन्नाव पहुंचेंगे। इसके बाद उन्नाव और कानपुर के जनप्रतिनिधियों व मीडिया के लोगों से बातचीत करने के बाद इसी नवनिर्मित एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करते हुए लखनऊ जाएंगे। लखनऊ के बंथरा (सरोजनी नगर तहसील) क्षेत्र में शाम चार बजे लोकार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित है।








