चकलवंशी। पुलिया निर्माण का कार्य देख रहे मेट का शव संदिग्ध हालात में गोदाम के अंदर कुंडे में गमछे के फंदे से लटका मिला। साथी श्रमिकों ने शव देख ग्रामीणों को बताया तो भीड़ लग गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की। बेटे ने कहा कि फोन पर पिता ने कहा था कि दो घंटे बाद मेरा शव ले जाना। पारिवारिक कलह आत्महत्या की वजह बताई जा रही है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के कटिघरा गांव निवासी रामसेवक (45) ठेकेदार के पास मेट का काम करते थे। इस समय रऊकरना-इसुनिया संपर्क मार्ग पर माखी थानाक्षेत्र के किन्ना गांव के पास बरकोता ड्रेन पर पुलिया निर्माण का काम चल रहा है। सामग्री रखने के लिए ठेकेदार ने गांव में ही किराये पर गोदाम बनाने के लिए घर लिया है। उसी में श्रमिक भी रुकते थे।
बेटे रंजीत ने बताया कि पिता रामसेवक बृहस्पतिवार को घर से ड्यूटी पर आये थे लेकिन रात में वह घर नहीं गए। शुक्रवार शाम करीब चार बजे पिता से फोन पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि दो घंटे बाद मेरा शव लेकर जाना। दोबारा फोन मिलाया तो उठा नहीं। शाम पांच बजे पिता का शव फंदे से लटके मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने जांच की तो पारिवारिक कलह ही अभी तक सामने आई है। पति की मौत से पत्नी बिटोला, बेटा रंजीत, बेटी मीरा और सपना बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच की गई है। अभी तक किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है।








