रायबरेली । शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशाल पौधारोपण अभियान के तहत राही एवं अमावां के खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान विकासखंड अमावा के बूढ़नपुर गांव में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने की योजना पर कार्य शुरू कराया गया। वहीं विकासखंड राही के कलंदरपुर गांव में एक बड़ी वाटिका के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है, जहां पौधारोपण की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए, ताकि क्षेत्र में हरित आवरण बढ़े और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिले। सदर विधानसभा के राही विकासखंड में 143784 तथा अमावा ब्लाक में 122594, कुल 266378 पौधे रोपित किए जाएंगे।








