ईदगाह मैदान में आयोजित शिविर का पूर्व कैबिनेट मंत्री ने किया निरीक्षण, डॉक्टरों और मरीजों से की मुलाकात
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। नगर के पीरबटावन स्थित ईदगाह मैदान में ईदगाह कमेटी द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों का उत्साहवर्धन किया और उपचार व परामर्श लेने पहुंचे मरीजों का हालचाल जाना।
पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर किसी वरदान से कम नहीं हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे और विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए ऐसे शिविर जीवन रक्षक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में मुफ्त जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा मिलने से गरीब परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होता है।
उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से गंभीर रोगों का उपचार भी समय रहते संभव हो जाता है। साथ ही ऐसे आयोजन लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए समाजहित में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की अपील की।
इससे पूर्व समाजसेवी उमेर किदवई ने ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप का माला, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर समाजसेवी उमेर किदवई, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, वरिष्ठ पत्रकार हशमतउल्ला, अजय वर्मा बबलू, ताज बाबा राइन, मुक्तदिर अंसारी, इरफान कुरैशी, हुमायूं नईम खान, मुजीब अंसारी, मोहम्मद आसिफ तथा समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







