कूटरचित दस्तावेज बनाकर फर्जी जमीन मालिक के नाम कराया बैनामा, वारदात
में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। जिले की बदोसराय पुलिस ने फर्जी बैनामे के जरिए 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े भूमि घोटाले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सफदरगंज थाना क्षेत्र के चन्दवारा निवासी कृष्णावती ने 9 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने 7 मई 2026 को टिकैतनगर क्षेत्र के डेरेराजा गांव निवासी बंशीलाल की जमीन का बैनामा कराया था। बाद में पता चला कि असली बंशीलाल की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराया गया। आरोपियों ने उनसे 45 लाख रुपये, जिसमें 15 लाख रुपये आरटीजीएस और 30 लाख रुपये नकद शामिल थे, धोखे से ले लिए।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित टीम ने जांच और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार वर्मा उर्फ सुशील, रविनन्दन द्विवेदी, विनोद कुमार, राजकुमार, नन्दकिशोर और बंशी शामिल हैं। इनमें बंशी को ही फर्जी बंशीलाल बनाकर जमीन का मालिक बताकर बैनामा कराया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले पीड़िता के पुत्र को 13 बीघा जमीन दिखाई और फिर सुनियोजित तरीके से फर्जी जमीन मालिक तैयार कर तहसील सिरौली गौसपुर में बैनामा करा दिया। जब पीड़िता जमीन पर कब्जा लेने पहुंची तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (यूपी 32 आरसी 7467) बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








