बलरामपुर। जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र में खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए कथित करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा ग्राम कालिंजर ग्रिंट मजरा बेनीपुरवा में सोमवार सुबह हुआ। मृतका 55 वर्षीय शांति देवी रोज की तरह सुबह घर से शौच के लिए निकली थीं। इसी दौरान गांव के पास स्थित एक गन्ने के खेत की घेराबंदी में लगाए गए तार के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ीं।
ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका के पति राजाराम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के तिलकराम और रक्षाराम, पुत्र सालिकराम राजभर, ने फसल की सुरक्षा के लिए खेत की मेड़ पर अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी की चपेट में आने से उनकी पत्नी की मौत हुई।
शांति देवी अपने पीछे दो बेटे राजेश और पेशकार, बहुएं तथा छोटे-छोटे नाती-पोतों को छोड़ गई हैं। उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए अवैध रूप से करंट दौड़ाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








