टांडाकला (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर चकबूलन गांव में बुधवार को हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके देवर और देवरानी भी झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मारूफपुर चकबूलन निवासी पप्पू यादव की पुत्रवधू कंचन यादव (28), पत्नी मनोज यादव, अपने पक्के मकान की छत पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान वह छत पर रखी करीब पांच फीट लंबी सरिया हटाने लगीं। सरिया मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे तेज करंट दौड़ गया और कंचन उसकी चपेट में आ गईं। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
छत से आवाज सुनकर उन्हें बचाने के लिए देवरानी सपना यादव और देवर संदीप यादव दौड़कर पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को किसी तरह बिजली के संपर्क से अलग किया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र आंशिक और तीन वर्षीय पुत्र किशन को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद ससुर पप्पू यादव, सास सुशीला देवी, पति मनोज यादव तथा परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाईटेंशन लाइन बनी हादसे की वजह
ग्रामीणों के अनुसार, मकान की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। छत पर रखी लोहे की सरिया लाइन से छूते ही उसमें करंट दौड़ गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रामीणों ने आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने की मांग की है।







