सूचना पर लौट रहे भाई-बहन सड़क हादसे में घायल
चहनिया (चंदौली)। चहनिया बाजार स्थित स्टेट हाईवे किनारे एक किराना दुकान में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान और नकदी जलकर राख हो गई। इसी बीच आग की सूचना पाकर घर लौट रहे दुकान मालिक के भाई और बहन सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही रात में आग और दुर्घटना की दोहरी मार से पूरा परिवार सदमे में है।
दुकान मालिक अजय गुप्ता के अनुसार, वह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर मकान की छत पर सोने चले गए थे। करीब आधे घंटे बाद उनकी पत्नी अंजू गुप्ता ने दुकान के भीतर से आवाज सुनी। नीचे पहुंचने पर दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान की चाबी काउंटर के अंदर छूट जाने से शटर नहीं खोला जा सका। बाद में जेसीबी मशीन बुलाकर शटर तुड़वाया गया।
सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने बलुआ पुलिस और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर स्थानीय सबमर्सिबल पंपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। पीड़ित परिवार के अनुसार आग में लाखों रुपये का सामान और नकदी नष्ट हो गई।
इसी दौरान आग लगने की सूचना मिलने पर अजय गुप्ता के भाई विजय गुप्ता, जो अपनी बड़ी बहन रिंकी गुप्ता का इलाज कराने मुगलसराय गए थे, तत्काल घर लौटने लगे। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष गुलाब साहू और भाजपा नेता आनंद सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
किराना दुकान में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए पुलिस, स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग को करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास करना पड़ा। शटर नहीं खुलने पर जेसीबी से उसे तोड़ा गया और पीछे की दीवार गिराकर आग पर काबू पाया गया।
मदद को निकले, खुद हो गए हादसे के शिकार
आग की सूचना मिलते ही अजय गुप्ता के भाई विजय गुप्ता अपनी बहन रिंकी गुप्ता के साथ मुगलसराय से चहनिया लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका वाराणसी के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक ही रात में आग और सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया।







