यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस ने तेज की तैयारी
उम्मीदवारों की जल्द होगी स्क्रीनिंग, हर विधानसभा के पैनल में कम से कम एक महिला उम्मीदवार शामिल करने की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन ने टिकट वितरण की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इस बार कांग्रेस महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की तैयारी में है और लगभग 35 प्रतिशत सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारने की योजना बना रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बुधवार और गुरुवार को हुई बैठकों में विधानसभा क्षेत्रवार संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
हर विधानसभा के पैनल में होगी महिला उम्मीदवार
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए तैयार किए जाने वाले उम्मीदवारों के पैनल में कम से कम एक महिला का नाम अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। सक्रिय राजनीति में काम कर रही और क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता देने की रणनीति बनाई जा रही है।
पूर्व प्रत्याशियों से लिया गया फीडबैक
बैठकों में वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों, विभिन्न विभागों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से भी चर्चा की गई। उनसे चुनाव के बाद क्षेत्र में किए गए कार्यों, संगठन की स्थिति और जनसंपर्क अभियान की जानकारी ली गई।
इन आधारों पर होगी उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि जल्द ही उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी। इसके लिए कई मानकों को आधार बनाया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से—
- क्षेत्र में सामाजिक स्वीकार्यता और जनाधार
- संगठन के प्रति सक्रियता
- जमीनी स्तर पर किया गया कार्य
- विश्वसनीयता और सार्वजनिक छवि
- चुनाव जीतने की क्षमता
इन सभी पहलुओं का मूल्यांकन करने के बाद टिकट वितरण का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।







