धनघटा में विधायक, डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। कुल 142 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 31 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
धनघटा तहसील में विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का तत्काल निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में जांच करें और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की बात सुनें और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं, मेंहदावल तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। दो मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 46 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से सात मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि पांच मामलों में मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने कहा कि सभी लंबित शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।






















