भोजन लेकर पहुंचे नाती ने खून से लथपथ हालत में देखा, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; पुलिस जांच में जुटी।
अंबेडकरनगर। जनपद के जलालपुर क्षेत्र के सम्मनपुर थाना अंतर्गत बड़ेपुर के पुरवा मुस्काबाद गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर लोहे की रॉड से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बड़ेपुर मुस्काबाद निवासी राधेश्याम प्रजापति (60) शनिवार रात करीब 10 बजे अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान उनका नाती भोजन लेकर वहां पहुंचा तो देखा कि राधेश्याम के सिर से खून बह रहा था और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। नाती ने तत्काल परिजनों को सूचना दी।
परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सम्मनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः लोहे की रॉड से वार कर की गई है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।






















