मुगलसराय पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद किया चंदौली जिले में पुलिस की सक्रियता की हुई सराहना
पीडीडीयू नगर (चंदौली )। चंदौली जिले में मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत 19 माह के मासूम बच्चे को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों और परिजनों ने सराहना की है। पुलिस के अनुसार, वाराणसी से माला बेचकर अपने तीन बच्चों के साथ लौट रही महिला ने बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे वह मुगलसराय पहुंची।
एलबीएस कटरा स्थित एक बंद दुकान के सामने तीनों बच्चों को बैठाकर वह पास की मोबाइल दुकान से नया सिम खरीदने चली गई। कुछ देर बाद लौटने पर उसका 19 माह का सबसे छोटा बेटा वहां से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर उसने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर दी। महिला की शिकायत के आधार पर थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 353/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और अन्य संभावित स्थानों पर नाकेबंदी कर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। लगातार तलाश के दौरान पुलिस टीम ने मानसपुर पोखरा के पास से 19 माह के मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता थी। त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के चलते मासूम को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सका। इस सफलता पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की प्रशंसा की।




















