23 यूनिट रक्त एकत्र
51 यूपी बटालियन के शिविर में सात राज्यों के कैडेट हुए शामिल, श्रावस्ती में इस वर्ष के सबसे बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन
श्रावस्ती। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की पहल पर श्रावस्ती में आयोजित रक्तदान शिविर में 51 यूपी बटालियन के 23 एनसीसी कैडेट्स ने रक्तदान किया। सात राज्यों से आए कैडेट्स की भागीदारी वाले इस शिविर में कुल 23 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों में इसे इस वर्ष का सबसे बड़ा शिविर बताया गया है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि सिरसिया स्थित बनवारी देवी अशोक स्मारक महाविद्यालय में प्रतिवर्ष एनसीसी कैडेट्स का कैंप आयोजित होता है। इसी दौरान कैडेट्स से संपर्क कर उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद कैंप स्थल पर ही रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें 23 कैडेट्स ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि 12 कैडेट्स कम उम्र होने के कारण रक्तदान नहीं कर सके।
उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस की ओर से इस वर्ष आयोजित यह दूसरा रक्तदान शिविर था। इसमें जिले के अन्य शिविरों की तुलना में सर्वाधिक रक्तदान हुआ। उन्होंने कहा कि कैडेट्स द्वारा दान किया गया रक्त एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित होगा। रक्तदान के माध्यम से युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकेंगे।
रक्तदान से दूर होगा डर और भ्रम
ब्लड बैंक की काउंसलर प्रियंका शुक्ला ने कहा कि कई लोग रक्तदान को लेकर भय और पूर्वाग्रह से ग्रसित रहते हैं। लेकिन स्वयं रक्तदान करने के बाद उनका डर और भ्रम दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस की ओर से आयोजित इस शिविर से 23 यूनिट रक्त मिलने के साथ समाज को 23 ऐसे संभावित नियमित रक्तदाता भी मिले हैं, जो भविष्य में जरूरतमंदों की मदद कर सकते हैं। इस लिहाज से शिविर रक्त संग्रह और जनजागरूकता, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा।
सात राज्यों के कैडेट्स ने किया रक्तदान
रक्तदान करने वाले 51 यूपी बटालियन के कैडेट्स में बिहार के अमन कुमार और मो. तौफीक, दिल्ली के यश कुमार, करन कुमार और सन्नी कुमार, जम्मू-कश्मीर के प्रीतपाल सिंह, देवराज और दिव्यांश, गुजरात के ध्रुव, कृष और राहुल तथा उत्तर प्रदेश के विनीत कुमार समेत अन्य राज्यों के कैडेट्स शामिल रहे।
इस अवसर पर कर्नल अनुराग गंजवार, सूबेदार मेजर विनय घोष, डॉ. बीएन वर्मा, जितेंद्र मिश्र, सीमा गिरी, विमल कुमार मौर्य, ओम प्रकाश मौर्य, अर्जुन यादव और सीताराम यादव मौजूद रहे।





















