लाठी लेकर बैठे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय; दोनों दल आमने-सामने
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव का माहौल देखने को मिला। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के विरोध में उत्तर प्रदेश भाजपा ने लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का एलान किया। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और कांग्रेस मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च शुरू करने से पहले वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दूसरी ओर, कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डटे रहे। इस दौरान अजय राय और कई कार्यकर्ता हाथों में लाठियां लिए बैठे दिखाई दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ भी नारे लगाए। दोनों दलों के आमने-सामने आने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।
भाजपा का कहना है कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के घेराव की कोशिश लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और छात्रों से जुड़े मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी अप्रिय घटना या हिंसक झड़प की सूचना नहीं थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थी और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।





















