मथुरा। मथुरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराने बस स्टैंड से दो बस चालकों और उनके साथियों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर दो बस चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जबकि घटना का वीडियो किसी प्रत्यक्षदर्शी ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
मारपीट के दौरान बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। अचानक हुए हंगामे से यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इन दिनों विश्व प्रसिद्ध राजकीय गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेले के चलते मथुरा में श्रद्धालुओं और यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे समय में सार्वजनिक स्थान पर हुई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने बस स्टैंड पर बस चालकों और बस मालिकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से बस स्टैंड पर नियमित पुलिस तैनाती, कड़ी निगरानी और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







