संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त गंगाराम निषाद पुत्र श्रीराम बटोरे निषाद, निवासी महेशरपुर, थाना धनघटा को कचहरी के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP 58 C 2553) बरामद की। यह मोटरसाइकिल 23 जुलाई 2026 को बड़गो स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास से चोरी हुई थी। इस संबंध में पीड़ित बजरंगी, निवासी भगठान चंदहर की तहरीर पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ध्रुवनरायण यादव, हेड कांस्टेबल हरिनारायण प्रसाद, कांस्टेबल बहादुर सिंह एवं कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।




















