सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर जवानों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
91वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स परिसर में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कमांडेंट ने राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सरोजनीनगर (लखनऊ)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को बिजनौर स्थित 91वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) परिसर में वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीआरपीएफ के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए किया गया।
कमांडेंट जितेंद्र कुमार ओझा ने अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विषम परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि जवानों का अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना ही बल की सबसे बड़ी पहचान है।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वाहिनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कमांडेंट ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय, द्वितीय कमान अधिकारी सोहन सिंह, उप कमांडेंट गीता यादव, विवेक कुमार, एसएमओ डॉ. अभिषेक पांडेय, बिजनौर थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, चौकी प्रभारी आनंद प्रताप सिंह सहित रैपिड एक्शन फोर्स और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।







