बाइक लोन कराकर की थी धोखाधड़ी
संतकबीरनगर पुलिस ने जमीन पर मोबाइल टावर लगाने का झांसा देने वाले वांछित आरोपी को दबोचा, न्यायालय भेजा गया
संतकबीरनगर। जालसाजी और धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महुली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति के नाम पर मोटरसाइकिल का लोन कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सुमित पाल उर्फ बन्टी पुत्र किशुन पाल, निवासी लखनापार, थाना महुली को नन्दौर बाजार से बेलहर कला जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार ने महुली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर धोखे से उसके नाम पर मोटरसाइकिल का लोन करा लिया। शिकायत के आधार पर महुली थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय भारती, कांस्टेबल आदित्य सिंह, कांस्टेबल अनुराग मिश्रा तथा कांस्टेबल अनुभव त्रिपाठी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, जालसाजी और धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन को ठगी का शिकार बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







