आचार्य प्रसिद्ध सागर महाराज के सान्निध्य में होंगे धार्मिक आयोजन
वीर शासन जयंती पर आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम, मंगल अभिषेक, महामंत्र विधान और ध्वजारोहण सहित होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान
जलेसर (एटा)। वीर शासन जयंती के पावन अवसर पर 30 जुलाई को जलेसर क्षेत्र के सकरौली गांव में चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। तपस्वी सम्राट आचार्य श्री 108 सन्मति सागर महाराज की वैराग्य भूमि सकरौली में आचार्य श्री 108 प्रसिद्ध सागर जी महाराज का चातुर्मास संपन्न होगा। चातुर्मास से पूर्व कलश स्थापना समारोह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा।
आयोजन से जुड़े अंतर्मना भक्त विवेक जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल से होगा। सुबह 6 बजे मंगल अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे महामंत्र विधान, पात्र आहार चर्चा तथा दोपहर 12 बजे कलश बोली, चातुर्मास दिग्बंधन एवं ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न होगा।
आयोजकों ने बताया कि चातुर्मास के दौरान श्रद्धालुओं को धर्मोपदेश, प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ प्राप्त होगा। महोत्सव में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।







