क्लब की आड़ में चल रहा था हुक्का बार, फ्लेवरयुक्त तंबाकू, हुक्के और नकदी बरामद
गोरखपुर। बड़हलगंज पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन चालू हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू, कोयला, हुक्का माउथ टिप्स समेत अन्य सामान और नकदी बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी कि देवरिया रोड स्थित विकास निषाद के मकान में क्लब की आड़ में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। यहां कम उम्र के युवक-युवतियों को बुलाकर हुक्का पिलाया जाता था और इसके बदले प्रति व्यक्ति 400 से 500 रुपये तक वसूले जाते थे।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आर्यन साहनी (20) निवासी बुढ़नपुरवा, थाना बड़हलगंज को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी में पुलिस ने तीन चालू हुक्के, 23 पैकेट फ्लेवरयुक्त तंबाकू, एक बॉक्स क्यूब कोल (कोयला), 55 डिस्पोजेबल हुक्का माउथ टिप्स, एक कोल बर्नर तथा 1,440 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपी हुक्का बार संचालन का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अवैध रूप से संचालित ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।







