सुबेहा के अहीरगांव में दर्दनाक हादसा, सीएचसी हैदरगढ़ में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बाराबंकी। सुबेहा थाना क्षेत्र के अहीरगांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार अहीरगांव निवासी रूपेश कुमार (30) पुत्र महराज प्रसाद सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर में छत पर लगे पंखे की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।







