सुरक्षा-व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण
मथुरा/गोवर्धन। ब्रज की आस्था के प्रतीक प्रसिद्ध मुड़िया पूनो मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का संयुक्त पैदल निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) वेद प्रिय आर्य तथा एमवीडीए सचिव आशीष कुमार सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग, प्रमुख चौराहों, स्नान घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेले में बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वाड और एटीएस कमांडो की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी तैयार किया जा रहा है।
प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्राथमिक उपचार केंद्र और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन की 7 कोसी परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।







