एक्स पर शेयर की खबर
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के धंसने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। सपा ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर इस मामले से जुड़ी समाचार रिपोर्ट साझा करते हुए सरकार के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
दरअसल, कोरारी के पास लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का हिस्सा धंसने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सपा ने उसे अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया। पार्टी ने पोस्ट में लिखा कि “सपा का काम बोलता था, भाजपा का कारनामा बोल रहा है।”
सपा ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि कुछ ही दिन पहले शुरू हुआ कथित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे धंस गया, जबकि इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री ने संयुक्त रूप से किया था। पार्टी ने आगे कहा कि “डबल इंजन की लड़ाई में कोई सड़क दुरुस्त बनकर नहीं तैयार हो सकती। पहले ग्रीन कॉरिडोर और अब यह एक्सप्रेसवे। भाजपा भगाओ, सड़कें बचाओ।”
गौरतलब है कि एक्सप्रेसवे के धंसने की घटना को लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।







