वन विभाग ने आधे घंटे में किया सफल रेस्क्यू
अलीगंज (एटा)। एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र स्थित ग्राम कैलठा के जनता महाविद्यालय में मंगलवार देर रात करीब 5 फीट लंबी जहरीली नागिन निकलने से अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज परिसर में सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद नागिन को सुरक्षित पकड़कर आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
वन विभाग के धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान नागिन फ्रिज के नीचे छिपी हुई मिली, जिससे उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। जैसे ही टीम ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, नागिन बेहद आक्रामक हो गई। उसने कई बार फन फैलाकर तेज फुफकार भरी और रेस्क्यू में इस्तेमाल किए जा रहे स्नेक पिन पर लगातार हमला किया। इस दौरान उसने कई बार भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने धैर्य और सतर्कता से उसे सुरक्षित काबू में कर लिया।
वन विभाग के अनुसार पकड़ी गई नागिन इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा (Indian Spectacled Cobra) प्रजाति की थी, जिसे भारत के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।
संजय कुमार और धर्मेंद्र प्रजापति ने निभाई अहम भूमिका
रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के संजय कुमार और धर्मेंद्र प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों ने पूरी सावधानी और पेशेवर तरीके से नागिन को बिना किसी नुकसान के पकड़कर अलीगंज के आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया।
रेस्क्यू का वीडियो आया सामने
रेस्क्यू अभियान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नागिन फन फैलाकर लगातार फुफकारती और रेस्क्यू उपकरण पर कई बार हमला करती दिखाई दे रही है। इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने संयम बनाए रखते हुए सफलतापूर्वक अभियान पूरा किया।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि घर, विद्यालय, खेत या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से सांप को उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा सके। इससे मानव जीवन की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण भी सुनिश्चित होता है।







