जनता, संगठन और संघ से फीडबैक के आधार पर बनेगी रिपोर्ट, खराब प्रदर्शन वाले विधायकों का टिकट कट सकता है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने विधायकों के प्रदर्शन का व्यापक आकलन कराने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर गुप्त सर्वे कराएगी। इस सर्वे के आधार पर आगामी चुनाव में टिकट वितरण को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार बीजेपी के 258 मौजूदा विधायकों के साथ-साथ सहयोगी दलों के कब्जे वाली सीटों का भी मूल्यांकन कराया जाएगा। सर्वे तीन अलग-अलग स्तरों पर होगा, जिसमें क्षेत्र में विधायक की सक्रियता, संगठन के साथ तालमेल और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का आकलन किया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि सर्वे के दौरान आम जनता, विभिन्न सामाजिक वर्गों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों से भी फीडबैक लिया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट में जिन विधायकों के प्रति नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी, उनके टिकट पर पार्टी पुनर्विचार कर सकती है।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस प्रस्तावित सर्वे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।







