महिला की तहरीर पर केस दर्ज
कोर्ट मैरिज के बाद विवाद बढ़ने का आरोप, विदेश से लौटी महिला ने पति पर दूसरी महिला से संबंध और उत्पीड़न का लगाया आरोप
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा जेवर और नकदी छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता संगीता, निवासी इटौरा, थाना दरियाबाद, ने पुलिस को बताया कि उसकी 12 दिसंबर 2024 को उदयभान सिंह, निवासी पैड़ी अजब सिंह, जनपद गोंडा, के साथ कोर्ट मैरिज हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते वह रोजगार के लिए सऊदी अरब चली गई थी।
महिला का आरोप है कि विदेश में रहने के दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पति का किसी अन्य महिला से संबंध है। इस संबंध में जब उसने फोन पर पति से बात की तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विवाद करने लगा।
संगीता ने पुलिस को बताया कि 20 जुलाई को भारत लौटने के बाद भी उसने पति को उसी महिला से बातचीत करते देखा। आरोप है कि 26 जुलाई की रात पति ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसके पास से करीब आठ ग्राम सोने की चेन, तीन ग्राम की सोने की बालियां, एक अंगूठी और ₹50 हजार नकद छीन लिए गए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति उसे जबरन वाहन में बैठाकर कहीं ले जा रहा था। रास्ते में उसने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिसके बाद आरोपी पति उसे वहीं छोड़कर चला गया।
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







