बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफेदाबाद के पास शुक्रवार को सड़क के गड्ढे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हाईवे पर गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ते ही वाहन अनियंत्रित होकर उछल गया। बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान बबली सिंह (26) पत्नी अभिषेक सिंह, निवासी भवनियापुर खेवली, थाना रामसनेहीघाट के रूप में हुई है।
गड्ढे में पहिया पड़ते ही अनियंत्रित हुई बाइक
बताया गया कि बबली सिंह लखनऊ के गोमतीनगर से अपने गांव की ओर जा रही थीं। शुक्रवार को सफेदाबाद के पास लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बाइक जैसे ही सड़क के गहरे गड्ढे में पहुंची, उसका पहिया उसमें फंस गया। झटका लगने से बाइक अनियंत्रित होकर उछल गई। बाइक पर सवार बबली सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराईं। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जिला अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल बबली को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत गंभीर थी। परिजन और आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। बबली की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेटे की पढ़ाई के लिए भाई के घर रह रही थीं बबली
परिजनों के मुताबिक, बबली अपने 10 वर्षीय बेटे अभी सिंह की पढ़ाई के सिलसिले में लखनऊ के गोमतीनगर में अपने भाई अरुण सिंह के घर रह रही थीं। अरुण सिंह हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। बताया गया कि बबली लखनऊ से अपने गांव लौट रही थीं, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। बबली का मायका पटरंगा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बताया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बने गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






