अखंडनगर, सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा प्राणनाथपुर बछेड़िया गांव के पास अखंडनगर-दोस्तपुर मार्ग पर हुआ। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगरू (55) निवासी बलईपुर, थाना पवई, आजमगढ़ अपने बेटे विजय कुमार (22) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार डब्ल्यू और बब्लू, पुत्र रामविलास, निवासी जामताली, थाना कटरा, बरेली राहुलनगर बाजार की ओर जा रहे थे। बताया गया कि दोनों मोटरसाइकिलें प्राणनाथपुर बछेड़िया गांव के पास आमने-सामने आ गईं और तेज टक्कर हो गई। हादसे में मंगरू, विजय कुमार, डब्ल्यू और बब्लू घायल हो गए।
तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया। वहां चिकित्सक विवेक वर्मा ने विजय कुमार, डब्ल्यू और बब्लू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। वहीं मंगरू का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा और चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दी और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।






