वाराणसी। सावन के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच सोमवार सुबह भोसले घाट पर स्नान करते समय 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर कुछ देर बाद उसका शव बरामद कर लिया।
बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा निवासी कुश कुमार (24) पुत्र प्रदीप कुमार अपने चचेरे भाई बैकुंठनाथ (18) के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे दोनों ब्रह्मनाल स्थित भोसले घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुश कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
सूचना मिलते ही जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। कुछ देर बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।






