अलीगंज, एटा। कांवड़ यात्रा और कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के बीच अलीगंज क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। दोनों घटनाओं में चोर नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पहली घटना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम जानीपुर की है। पीड़ित जयसिंह पुत्र तोताराम के अनुसार रविवार को चोर पीछे की दीवार काटकर घर में दाखिल हुए और करीब तीन लाख रुपये की नगदी समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस घटना की जांच कर ही रही थी कि अलीगंज के ग्राम मितौलिया में भी लगभग इसी पैटर्न पर चोरी की वारदात सामने आ गई।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। कोतवाली प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक अभी तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।






















