Shravasti Flood Alert: मानसूनी बारिश और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रावस्ती जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने तहसील जमुनहा क्षेत्र के लक्ष्मन नगर स्थित किसान डिग्री कॉलेज में बनाए गए बाढ़ शरणालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों के ठहरने, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और भोजन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा की स्थिति में शरणालय में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी मेडिकल टीम
जिलाधिकारी ने शरणालय में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के टैंकर और क्लोरीन की गोलियां रखने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। शरणालय में जरूरी जीवन रक्षक दवाएं, सर्पदंश की वैक्सीन और ओआरएस के पैकेट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
भोजन और बिजली की भी होगी व्यवस्था
बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ सूखा राशन जैसे लाई, चना, गुड़ और बिस्कुट की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शरणालय में जनरेटर और आपातकालीन लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मवेशियों के लिए भी इंतजाम
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के साथ उनके मवेशियों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा है। जिलाधिकारी ने पर्याप्त मात्रा में भूसा और पशु चारे की व्यवस्था करने के साथ आवश्यक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। आपदा कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन या आपदा हेल्पलाइन से संपर्क करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जमुनहा रवि प्रताप सिंह, तहसीलदार जमुनहा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव






















