Azam Khan ED Raid: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई बुधवार सुबह से जारी है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी की यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ED की टीमें आजम खान से जुड़े रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली समेत करीब 10 ठिकानों पर पहुंची हैं। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ट्रस्ट और अन्य परिसरों में भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा क्या है पूरा मामला?
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से कानूनी विवादों को लेकर चर्चा में है। यूनिवर्सिटी की कई इमारतों को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का मामला सामने आया था। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश जारी किया गया था। हालांकि, इस आदेश पर मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट ने अंतरिम रोक लगा दी है। मामले में अगली सुनवाई 25 अगस्त को होनी है।
ट्रस्ट के रजिस्ट्रेशन पर भी विवाद
जौहर यूनिवर्सिटी का संचालन करने वाले मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को लेकर भी मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 17 जून को नोटिस जारी होने के बाद टैक्स विभाग ने 23 जून को ट्रस्ट को एक और नोटिस भेजा था। इसके बाद नियमों के कथित उल्लंघन का हवाला देते हुए ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश दिया गया। साथ ही ट्रस्ट को अपना दर्जा बदलकर’एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स’ करने के निर्देश दिए गए थे।
कई ठिकानों पर एक साथ जांच
ED की मौजूदा कार्रवाई को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े पुराने मामलों और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। एजेंसी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





















