श्रावस्ती में परिषदीय, कस्तूरबा गांधी आवासीय और पीएमश्री विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में उन्होंने विद्यालयों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन विद्यालयों में शौचालय निर्माण का काम अभी लंबित है, उसे बिना किसी देरी के पूरा कराया जाए। बंद या मरम्मत योग्य शौचालयों को चिन्हित कर उपयोग के लायक बनाने के साथ सभी स्कूलों में बाउंड्रीवाल, स्वच्छ पेयजल, सामान्य और दिव्यांग शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्मार्ट क्लास के संचालन और इंटरनेट कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए और भोजन तैयार करने वाले स्थान पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा विद्यालयों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त कराने के लिए बीएसए को संबंधित बीडीओ और एसडीएम के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने तथा 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विद्यालयों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कमी मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने किया। इस दौरान सीडीओ शाहिद अहमद समेत शिक्षा विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।





















