बहराइच में पुलिस को चकमा देकर थाने के लॉकअप से फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी तस्कर आखिरकार पकड़ा गया। आरोपी की पहचान श्रावस्ती निवासी विशाल मिश्रा के रूप में हुई है। मामला थाना दरगाह क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने उसे 9.44 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया था और NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार, 17 अगस्त को विशाल मिश्रा पुलिस को चकमा देकर थाने के लॉकअप से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लॉकअप से आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है और अब लॉकअप से फरार होने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी बहराइच नारायण दत्त मिश्रा ने मामले की जानकारी दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार होने और अन्य गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।





















