बाराबंकी में शुक्रवार सुबह अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। कल्याणी नदी पुल के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अयोध्या जिले के मवई थाना क्षेत्र के बसौढ़ी गांव निवासी पृथ्वीनाथ अवस्थी (61) अपनी पत्नी शांति देवी (60) के साथ सुमेरगंज दवा लेने जा रहे थे। दोनों हुनहुना गांव निवासी फाजिल के ई-रिक्शा में सवार थे। ई-रिक्शा में नेवरा गांव की आठ वर्षीय जीनल भी बैठी थी। बताया गया कि कल्याणी नदी पुल के पास पीछे से आई बोलेरो ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से रामसनेहीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही पृथ्वीनाथ अवस्थी की मौत हो गई। वहीं शांति देवी समेत अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी के मुताबिक, हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात बोलेरो की तलाश में जुटी है। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





















