औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ऐली गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर में खेल रहे दिनेश दिवाकर को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी बिधूना लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गांव निवासी सतीश कुमार का पांच वर्षीय बेटा दिनेश घर में खेल रहा था। घटना के समय सतीश कुमार बुखार की दवा लेने डॉक्टर के पास गए हुए थे, जबकि उसका बड़ा भाई भी घर से बाहर था। घर में मां विभा और बहन रीता मौजूद थीं। इसी दौरान खेलते समय सांप ने दिनेश को डस लिया। जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण उसे लेकर सीएचसी बिधूना पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मासूम की मौत की खबर सुनते ही मां विभा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 12 वर्षीय भाई मनीष और 10 वर्षीय बहन रीता भी अपने छोटे भाई को खोने के गम में बेसुध नजर आए। जिस घर में कुछ देर पहले मासूम की खेलते हुए आवाजें गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत का मामला संज्ञान में है। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है।





















