श्रावस्ती। थाना मल्हीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.75 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत पुलिस ने करीब 20 लाख 55 हजार रुपये बताई है। आरोपियों के पास से एक हीरो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्मैक लेकर नेपाल की ओर जाने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ग्राम बेलरी के पास नेपाल जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से दो लोग अवैध स्मैक लेकर नेपाल की तरफ जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने रास्ते पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दो लोगों को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान वाजिद अली पुत्र शाबित अली और आबिद अली पुत्र हैदर अली, निवासी सागर गांव, थाना मल्हीपुर, श्रावस्ती के रूप में हुई। तलाशी लेने पर वाजिद के कब्जे से 49.25 ग्राम और आबिद के पास से 53.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों से कुल 102.75 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर बरामदगी के आधार पर थाना मल्हीपुर में मुकदमा संख्या 140/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस और एसएसबी ने मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनायक सिंह, उपनिरीक्षक आलोक चन्द्रा समेत थाना मल्हीपुर के पुलिसकर्मी और एसएसबी के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।





















